
रायपुर । राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। जोन-9 के वार्ड क्रमांक 8 स्थित खालबाड़ा बीएसयूपी क्षेत्र में लगातार चार दिनों तक सफाई कार्य बंद रखने पर मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। ठेकेदार ने 20 से 23 अक्टूबर तक बिना किसी पूर्व अनुमति और सूचना के सफाई कार्य बंद रखा, जिससे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जोन-9 कमिश्नर हितेन्द्र यादव ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगर निगम ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही तत्काल सफाई कार्य शुरू करने और अगले 24 घंटे के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार ठेका निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।