
राजनांदगांव । राजनांदगांव जिले में चल रही पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में कई गड़बड़ियां उजागर हुई हैं। इसको लेकर एसपी मोहित गर्ग द्वारा लालबाग थाने में FIR भी दर्ज करवाई गई थी। अब इस पर एक्शन शुरू हो गया है। शनिवार को लालबाग पुलिस ने 3 महिला पुलिसकर्मी समेत 4 लोगों को कोर्ट में पेश किया। वहीं दो हैदराबाद की इवेंट कंपनी के लोगों को भी जेल भेजा गया है। जहां न्यायालय ने चारों को जेल भेज दिया।
पुलिस भर्ती मामले में एक संदेही आरक्षक ने सुबह ही फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। बताया जाता है कि कुल 14 आरक्षक संदेह के दायरे में हैं। उल्लेखनीय है कि पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के दौरान पाई गई गड़बड़ियों में अब कई नए तथ्य सामने आ रहे हैं। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो जांच कर रही टीमों ने पाया कि ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने दौड़ में भाग ही नहीं लिया, उन्हें भी अंक दे दिए गए हैं। इसके अलावा शून्य नंबर पाने वाले अभ्यर्थियों को सात अंक दे दिए गए हैं।
शुरूआती दौर की जांच में हैदराबाद की जिस टीम को जिम्मेदारी दी गई थी, उनके द्वारा अनियमितता पाए जाने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि इस मामले में टीम द्वारा हर बिंदुओं को ध्यान में रखते जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हैदराबाद की कंपनी के साथ ही स्थानीय पुलिस विभाग के कर्मचारियों की संलिप्तता की जानकारी भी जुटाई जा रही है।