छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पताल में स्टॉफ की मुर्गा पार्टी का मामला सामने आया

धमधा । छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पताल में स्टॉफ की मुर्गा पार्टी का मामला सामने आया है। यह मामला दुर्ग जिले के धमधा के कन्हारपुरी शासकीय अस्पताल का है। यहां के स्टॉफ ने अस्पताल के वार्ड में मुर्गा पार्टी का आयोजन किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस मामले को लेकर सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीएचसी हो या सीएचसी, वहां सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मरीजों का उपचार होना है। उस समय या उसके बाद भी यदि अस्पताल में पार्टी होती है तो ये शासकीय सेवा शर्तों का उल्लंघन है।

वीडियो में दिख रहा है कि अस्पताल के वार्ड में मुर्गा बनाया जा रहा है और स्टॉफ के सदस्य उसे खा रहे हैं। आसपास के लोगों से पता चला कि यह अस्पताल सुबह 10 बजे खुलना चाहिए और 4 बजे बंद होना चाहिए, लेकिन यहां का स्टॉफ इसे अपनी मर्जी से चलाता है। बुधवार को अस्पताल केवल 2 बजे तक खुला था।

इस मामले में कन्हारपुरी अस्पताल में चिकन पार्टी के दौरान डॉ. प्रफ्फुल ढीवार, मेडिकल ऑफिसर धमधा, ऋचा मेश्राम बीपीएम धमधा, सतीश ढोके ब्लॉक एकाउंट मैनेजर धमधा, जीएस उद्दे ब्लॉक एक्सटेंशन ट्रेनिंग ऑफिसर धमधा, संजय रूरल हेल्थ ऑफिसर कन्हारपुरी सहित कई अन्य छोटे कर्मचारी मौजूद थे।

इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में मरीजों का इलाज होना चाहिए, न कि स्टॉफ की पार्टी। लोगों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *