
विस्तार
गोविंदा चौहान । भिलाई: नटवरलाल बाप-बेटे को भिलाई नगर पुलिस ने दबोच लिया है. दोनों शातिर ठगों ने सेक्टर-2 के व्यवसायी को शराब कारोबार में पैसा लगाकर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा दिया था. इसके बाद उससे धीरे-धीरे करके 41 लाख 99 हजार रुपए की रकम ऐठ ली.
भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि सेक्टर 2 निवासी शशिधर पांडेय ने 18 जुलाई को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. प्रार्थी के मुताबिक भोपाल के नेहरू नगर निवासी सतीश शुक्ला और सचिन शुक्ला ने शराब व्यापार में पैसा लगाने पर अधिक मुनाफा देने का झांसा दिया. उससे 41 लाख 99 हजार रुपए की रकम ले ली. प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. इस पर थाना पुलिस की टीम मध्यप्रदेश रवाना की गई. आरोपी पिता सतीश शुक्ला (48वर्ष) और सचिन शुक्ला (25वर्ष) को जिला रायसेन से हिरासत में लेकर दुर्ग ले आई. पूछताछ करने पर प्रार्थी के साथ लेनदेन करना स्वीकार करने पर अपना जुर्म कबूल किया. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है!