
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक मुक्तिधाम में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक मामा ने अपने कैंसर पीड़ित भांजे के इलाज के लिए तांत्रिक क्रिया करने के लिए एक महिला तांत्रिक को बुलाया था। पुलिस ने महिला तांत्रिक और उसके सहयोगी पुरुष को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के अनुसार, शनिवार की देर रात जलती चिता के सामने महिला और पुरुष तंत्र पूजा करते हुए पकड़े गए थे। दोनों युवक और युवती की फोटो के बीच में मोमबत्ती और दिया जलाकर पूजा कर रहे थे। इसकी जानकारी जब आसपास के लोगों को लगी तो लोग डर गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में पता चला कि महिला तांत्रिक और उसके सहयोगी जलती चिता के सामने तंत्र पूजा कर रहे थे। बीच में युवक-युवती की फोटो और पुतलों के साथ शराब सिगरेट आदि सामान पड़ा हुआ था। गुस्साए लोगों ने उनकी पिटाई कर दी और सिरगिट्टी पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले का खुलासा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।