
रायपुर l छत्तीसगढ़ पुलिस ने बड़े पैमाने पर नशीला सामान नष्ट किया है, जिसकी कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये है। इस नष्ट किए गए सामान में 15,000 किलो गांजा, 62,000 टैबलेट्स, इंजेक्शन, 48 किलो अफीम और 400 ग्राम चरस शामिल थे।
यह नशीला सामान रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद और धमतरी जिलों में NDPS एक्ट के तहत जब्त किया गया था। नष्टीकरण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह और पुलिस अधीक्षक धमतरी आंजनेय वैष्णव मौजूद थे।

नशे के सामानों को नष्ट करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की मंजूरी से उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी बनाई गई थी। रायपुर जिले के 157 मामलों में 2,000 किलो गांजा, 58,000 नशीली टैबलेट्स, सिरप, इंजेक्शन, अफीम और 205 ग्राम चरस शामिल थे।
महासमुंद से सबसे ज्यादा गांजा जब्त किया गया था, जबकि बलौदाबाजार के 24 मामलों में 1,000 किलो गांजा और 960 नशीली टैबलेट्स थीं। महासमुंद के कुल 121 मामलों में 10,000 किलो गांजा, धमतरी के 36 प्रकरणों में 412 किलो गांजा और 2,451 टैबलेट्स थे। इसके अलावा गरियाबंद के 31 मामलों में 1,014 किलो गांजा और 253 नशीली टैबलेट्स थीं।