भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर 17 अगस्त को हो सकता है ऐलान

डेस्क बोर्ड l भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की 17 अगस्त को होने वाली विस्तारित बैठक में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है। यह बैठक लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा की पहली बैठक होगी, जिसमें सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, राज्यों के अध्यक्ष, संगठन मंत्री और राज्यों के प्रभारी व सह प्रभारी हिस्सा लेंगे।

बैठक का मुख्य विषय संगठनात्मक होगा, जिसमें सदस्यता अभियान के अलावा मंडल से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव शामिल है। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग छह महीने लगेंगे। इसके अलावा चार राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारी पर भी चर्चा होगी।

पार्टी में इस वक्त संगठन में बड़े बदलावों की भी चर्चा है। कुछ राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति भी हुई है। हालांकि, अधिकांश बदलाव संगठन चुनाव के बाद होने हैं।

सूत्रों के अनुसार, हाल में भाजपा और आरएसएस नेतृत्व के बीच उच्च स्तर की बैठक में भी भावी रणनीति पर चर्चा हुई थी। इसके बाद संघ की समन्वय बैठक भी 31 अगस्त से दो सितंबर तक केरल के पलक्कड़ में होनी है।

भाजपा में सबसे बड़ा फैसला नए अध्यक्ष या संगठन चुनावों तक कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर होना है। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में इस बारे में भी कोई बड़ी घोषणा की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *