दुर्ग एवं भिलाई में यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्यवाही लगातार जारी, सड़क एवं बाजार क्षेत्रों से हटाया जा रहा अतिक्रमण।

▪️ इंदिरा मार्केट, नेहरू नगर चौक से सूर्या मॉल चौक, अवंति बाई चौक एवं सिविक सेंटर मार्केट में कार्यवाही ।

▪️ नो-पार्किंग में खड़े एवं यातायात बाधित करने वाले कुल 202 वाहनों पर कार्रवाई, नगर निगम द्वारा ₹15,000 का जुर्माना।

▪️ पावर हाउस मार्केट एवं रेलवे स्टेशन के सामने भी चलाया गया संयुक्त अभियान।

▪️ सड़क पर अतिक्रमण करने एवं यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार जारी रहेगी कार्रवाई।

   *पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग* के निर्देशानुसार यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा दुर्ग एवं भिलाई नगर निगम के साथ संयुक्त रूप से शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, सड़क एवं बाजार क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

  इसी क्रम में कल रात्रि एवं आज दिनांक को दुर्ग के इंदिरा मार्केट तथा भिलाई में नेहरू नगर चौक से सूर्या मॉल चौक, अवंति बाई चौक एवं सेक्टर क्षेत्र स्थित सिविक सेंटर मार्केट में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को नगर निगम की टीम द्वारा हटाया गया तथा नो-पार्किंग में खड़े एवं यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले कुल 202 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। नगर निगम द्वारा इस दौरान ₹15,000 का जुर्माना भी लगाया गया।

 इसी क्रम में आज पावर हाउस मार्केट एवं रेलवे स्टेशन के सामने भी यातायात पुलिस और संबंधित नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क एवं बाजार क्षेत्रों में आवागमन को बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की कार्रवाई की गई।

   संयुक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार क्षेत्रों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करना, सड़क पर अतिक्रमण एवं अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के कारण होने वाली यातायात बाधा और जाम की स्थिति को रोकना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुचारु यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

 यातायात पुलिस दुर्ग एवं दुर्ग-भिलाई नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सड़क पर अतिक्रमण करने, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने तथा यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के विरुद्ध संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही अपने वाहन खड़े करें तथा व्यापारी एवं आम नागरिक सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *