
नई दिल्ली l भारत आज अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा झंडा फहराया है। यह उनके लिए लगातार 11वीं बार है, जब वे स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से झंडा फहरा रहे हैं। पीएम मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित की, और फिर लाल किला पहुंचकर गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया और उनके बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की। पीएम मोदी के संबोधन की थीम ‘विकसित भारत @2047’ है, जिसका उद्देश्य 2047 में स्वतंत्रता की शताब्दी तक भारत को एक विकसित राष्ट्र में बदलने की दिशा में सरकार की कोशिशों को आगे बढ़ाना है।

पीएम मोदी ने कहा, “आज हम उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं, जिन्होंने हमें एक स्वतंत्र देश दिया, हम आज उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के कारण हम चिंतित हैं, कई लोगों ने अपने प्रियजनों, अपनी संपत्ति को खो दिया है, हम उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं।”