गोविना चौहान l उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में महिलाओं के सीरियल किलर का आतंक फैल गया है, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। बीते 14 महीनों में 9 महिलाओं की हत्या हो चुकी है, जिनमें एक समान पैटर्न दिखाई दे रहा है। सभी महिलाओं की उम्र 45 से 55 साल के बीच है, और उन्हें दोपहर में खेत या उसके आसपास मारा गया है।

पुलिस ने तीन संदिग्धों के स्केच जारी किए हैं, लेकिन अभी तक हत्यारा पकड़ा नहीं जा सका है। महिलाओं में खौफ है, और पुलिस प्रशासन उनसे अपील कर रहा है कि वे खेतों में अकेले न जाएं, बल्कि समूह में जाएं ताकि ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।
पुलिस के अनुसार, हत्याओं का पैटर्न एक सा है, जो सीरियल किलर की ओर इशारा करता है। सभी महिलाओं के शव खेतों में मिले हैं, और उनके कपड़े अस्त-व्यस्त पाए गए हैं। लेकिन किसी भी केस में यौन उत्पीड़न की पुष्टि नहीं हुई है।
बरेली के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि पुलिस बीते 6 महीने से जांच में जुटी है, और सीरियल किलर के ऐंगल से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने तीन संदिग्धों के स्केच जारी किए हैं, और उनकी तलाश जारी है।