
दुर्ग। अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना मोहननगर पुलिस ने 29 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान धारदार हथियार लेकर घूम रहे पांच लोगों को पकड़ा। इनमें तीन बालिग आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 धारदार हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे लोगों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से धारदार हथियार बरामद हुए।
पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान जितेंद्र मरकाम (24), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा, शैलेश देशमुख (22), निवासी गया नगर दुर्ग और जय देशमुख (21), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा के रूप में हुई है। दो अन्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक हैं, जिनकी पहचान नियमानुसार सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस ने सभी मामलों में धारदार हथियार रखने के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। बरामद किए गए सभी 10 हथियार पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई का उद्देश्य अपराध होने से पहले ही ऐसे तत्वों की पहचान कर रोकथाम करना है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधि या किसी व्यक्ति के हथियार लेकर घूमने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।