
भिलाई। खुर्सीपार थाना पुलिस ने मिन्नी इंडस्ट्रियल यूनिट-93 स्थित फैक्ट्री में हुई कॉपर केबल चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पांच अपचारी बालकों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 90 हजार रुपये कीमत की चोरी की सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त की रात अज्ञात चोर फैक्ट्री की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और कॉपर पट्टी, वेल्डिंग मशीन की कॉपर केबल तथा कॉन्टेक्टर की कॉपर केबल समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। मामले में फैक्ट्री के प्रार्थी विक्रांत अग्रवाल ने 25 अगस्त को खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत धारा 305(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इंडस्ट्रियल एरिया में लगातार हो रही कॉपर केबल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी जुटाई और उनसे पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कॉपर पट्टी, वेल्डिंग मशीन की कॉपर केबल और कॉन्टेक्टर की कॉपर केबल सहित करीब 90 हजार रुपये की सामग्री बरामद की।
मामले में पवन राजभर (22) और बिराज निर्मलकर (19) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं पांच अपचारी बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
रात में फैक्ट्री को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक आरोपी सुनसान इंडस्ट्रियल क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों को निशाना बनाते थे। रात के समय दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश करने के बाद फैक्ट्री में रखी कॉपर पट्टी और कॉपर केबल जैसी कीमती सामग्री चोरी कर ले जाते थे।
इस कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपने परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।