
कबीरधाम ।कबीरधाम जिले के थाना साहसपुर लोहारा अंतर्गत चौकी रणवीरपुर क्षेत्र के ग्राम पटपर में जहरीले सर्प के काटने से एक वृद्ध व्यक्ति की मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पटपर निवासी श्री शिव कुमार मरकाम पिता स्वर्गीय बिकऊ मरकाम, उम्र 64 वर्ष, दिनांक 04 अगस्त 2026 को प्रातः लगभग 7:00 बजे अपने घर के कोठार में पैरा निकाल रहे थे। इसी दौरान उन्हें जहरीले सर्प ने काट लिया। परिजनों द्वारा तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर थाना साहसपुर लोहारा पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 33/26 कायम कर पंचनामा कार्रवाई उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच जारी है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) की आमजन से अपील बरसात के मौसम में खेतों, खलिहानों, कोठारों तथा पैरा एवं लकड़ी के ढेरों में जहरीले सर्पों के छिपे होने की संभावना अधिक रहती है। आमजन अपने घर एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई रखें तथा झाड़ियों, कचरे, लकड़ी एवं पैरा के ढेर को व्यवस्थित रखें, ताकि जहरीले सर्पों और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के छिपने की संभावना कम हो सके।
किसी भी स्थान पर हाथ डालने अथवा कार्य करने से पहले सावधानी बरतें तथा अंधेरे स्थानों में जाते समय टॉर्च का उपयोग अवश्य करें। सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक अथवा घरेलू उपचार पर विश्वास न करें और पीड़ित व्यक्ति को बिना किसी विलंब के तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएं।
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता एवं जागरूकता बरतें, जिससे ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
