दुर्ग में नशीली दवाइयों की बिक्री की तैयारी कर रहा आरोपी गिरफ्तार, 600 टेबलेट और 2.48 लाख की सामग्री जब्त

दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस ने नदी रोड क्षेत्र में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 600 नग नशीली टेबलेट, 3 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल समेत कुल 2 लाख 48 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है।

पुलिस को 22 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदी रोड स्थित जैन मंदिर के पास एक व्यक्ति लाल रंग के कैरी बैग में नशीली टेबलेट लेकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी की पहचान उमेश कुमार मौर्य, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम माण्डा, थाना माण्डा, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 600 नग नशीली टेबलेट, बिक्री की रकम 3 हजार रुपए और एक वीवो मोबाइल बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, जब्त नशीली टेबलेट की अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपए, नकदी 3 हजार रुपए और मोबाइल की कीमत करीब 5 हजार रुपए है। इस तरह कुल 2 लाख 48 हजार रुपए की सामग्री जब्त की गई।

आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 407/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 27(ए) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *