स्कूल बस की चपेट में आने से 3 साल की मासूम की मौत, हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

मोहला-मानपुर । मोहला – मानपुर जिले के मानपुर ब्लॉक में दर्दनाक सड़क हादसे में करीब तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में हुआ, जहां बच्चों को स्कूल ले जाने पहुंची निजी स्कूल बस की चपेट में आने से बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए गांव पहुंची थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

मासूम की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध जताया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोहला भेज दिया है, जबकि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *