छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज, टीएस सिंह देव बोले— फैसला हाईकमान करेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल को लेकर अटकलों के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थक उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहे हैं।

समर्थकों ने फेसबुक समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्टर साझा कर टीएस सिंह देव को संगठन की कमान सौंपने की मांग की है। पोस्ट में उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की बात कही गई है।

वहीं, इस पूरे मामले पर टीएस सिंह देव ने संयमित प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद का कोई तय कार्यकाल नहीं होता। जब तक पार्टी नेतृत्व किसी जिम्मेदारी में बदलाव नहीं करता, तब तक वर्तमान अध्यक्ष अपना दायित्व निभाते रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति या बदलाव का निर्णय पूरी तरह कांग्रेस हाईकमान का अधिकार है।

सोशल मीडिया पर चल रही मांग को लेकर टीएस सिंह देव ने कहा कि समर्थक अपनी भावनाएं व्यक्त करते हैं, लेकिन इस तरह की अटकलों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले पार्टी नेतृत्व पर छोड़ देना ही उचित है और हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, वही अंतिम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *