दुर्ग पुलिस की अवैध शराब पर कार्रवाई जारी, 32 पौवा देशी मसाला शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर दुर्ग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलगांव थाना क्षेत्र की अंजोरा चौकी पुलिस ने ग्राम धनोट में दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पौवा देशी मसाला शराब और बिक्री से प्राप्त नगदी जब्त की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धनोट के राजा तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी मसाला शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बिक्री के लिए रखी गई 32 पौवा देशी मसाला शराब (180-180 एमएल) और 300 रुपये नकद बरामद हुए।

जब्त शराब की कीमत करीब 3,200 रुपये और नगदी 300 रुपये सहित कुल 3,500 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनेश बर्रैया (35 वर्ष), निवासी ग्राम धनोट, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध शराब से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *