
रायपुर: छत्तीसगढ़ में आषाढ़ माह के साथ ही मानसून पूरी तरह सक्रिय है और राज्यभर में लगातार बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही वर्षा से कई नदी-नाले उफान पर हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जुलाई को झारखंड और ओडिशा के आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र (लो-प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि 8 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा हुई। इस दौरान पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में पहले दिन 15 सेंटीमीटर और दूसरे दिन 8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बलौदा बाजार में 20 सेंटीमीटर, राजिम में 18, लवन में 17, भाटापारा, गिधौरी और टुंड्रा में 16-16, जबकि बलौदा, गोबरा नवापारा और बिलाईगढ़ में 15-15 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कई अन्य जिलों और विकासखंडों में 8 से 14 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बने रहने के आसार हैं।