
दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने कुम्हारी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा बेचने की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.520 किलोग्राम गांजा, एक वीवो मोबाइल और नकद राशि जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुम्हारी सब्जी मंडी के पास एक युवक गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.520 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1.26 लाख रुपये है, एक वीवो मोबाइल और 2,400 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने अवैध रूप से गांजा रखने और बिक्री के उद्देश्य से ग्राहकों का इंतजार करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बीर देवार (22 वर्ष) निवासी रामनगर, सब्जी मंडी के पास, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा का संग्रहण और बिक्री कर रहा था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।