आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट नेटवर्क पर सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बैंक खाते बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सट्टा संचालन के लिए बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध कराने का आरोप है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जगदलपुर के कुछ लोग सुपेला क्षेत्र में आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट संचालन के लिए बैंक खाते और बैंकिंग दस्तावेज बेचने पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर पांच रास्ता हनुमान मंदिर ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा गया था।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते एवं व्यवसायिक खाते सुपेला निवासी विशाल गुप्ता समेत अन्य लोगों को ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट संचालन के लिए उपलब्ध कराते थे। मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था।

विवेचना के दौरान फरार चल रहे आरोपी दुलेश्वर कुमार, निवासी आदर्श नगर, उतई, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज ऑनलाइन सट्टा एवं म्यूल अकाउंट गिरोह को उपलब्ध कराता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *