
रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शनिवार को सोलर पैनल लगाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर काम कर रहे दो सोलर टेक्निशियन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीन मजदूर छत पर सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।