नंदिनी नगर में 5.189 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 2.80 लाख रुपये का माल जब्त

दुर्ग, 30 जून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदिनी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो 189 ग्राम अवैध गांजा का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.80 लाख रुपये मूल्य का गांजा और परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार ग्राम मुरमुंदा आम रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MG 0156 में सवार दो युवक अवैध रूप से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया और तलाशी ली।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सन्नी साहू उर्फ माया साहू (27 वर्ष) और त्रिलोचन साहू उर्फ जय प्रकाश (30 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास से 5.189 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा की तस्करी कर रहे थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *