उतई पुलिस ने 10 घंटे में सुलझाए तीन चोरी के मामले, पांच आरोपी गिरफ्तार

Durg l दुर्ग जिले की उतई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए तीन मोटर पंप और केबल वायर सहित करीब 37 हजार रुपये का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 26 और 27 जून के बीच ग्राम पुरई के अलग-अलग स्थानों से मोटर पंप और केबल वायर चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। इस संबंध में उतई थाने में तीन अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने चेतन लाल ओझा, शंकर साहू, सन्नी राजपूत, कृष राजपूत और दुष्यंत साहू को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की, जिसके बाद उनके कब्जे से तीनों मोटर पंप और केबल वायर बरामद कर जब्त कर लिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सुनसान स्थानों पर लगे मोटर पंप और केबल वायर चोरी करते थे।

गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *