
भिलाई, 30 जून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। खुर्सीपार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 किलो 198 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब दो लाख रुपये मूल्य का गांजा, बिक्री की नकदी और एक एक्टिवा वाहन भी जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर रोड स्थित बिहारी मोहल्ला के सामने नहर पार क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे घेरकर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान हरिशंकर यादव उर्फ जुगनु यादव (24 वर्ष), निवासी दुर्गा मंदिर के पास, खुर्सीपार, भिलाई के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से बिक्री के लिए रखा गया 4 किलो 198 ग्राम गांजा, 300 रुपये नकद और एक एक्टिवा बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27ए के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध रूप से गांजा बेचकर आर्थिक लाभ कमाने का काम कर रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।