
दुर्ग। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीतराई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 153 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब के साथ बिक्री की रकम जब्त कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम घोरारी स्थित श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नौगेन्द्र बंजारे (45 वर्ष), निवासी ग्राम घोरारी, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। आरोपी ने पूछताछ में अवैध शराब की बिक्री करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 88 पौवा देशी प्लेन शराब, 42 पौवा देशी शोले मसाला शराब और 23 पौवा अंग्रेजी गोवा शराब सहित कुल 153 पौवा शराब जब्त की। इसके अलावा बिक्री की रकम 700 रुपये भी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 14,700 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।