शराब के लिए पैसे नहीं देने पर कटर से हमला, सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

दुर्ग। शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 23 जून को इन्द्रा नगर स्थित गुप्ता मेडिकल के सामने रहने वाले युवक ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 4 बजे वह अपने घर के सामने खड़ा था, तभी मोहल्ले का रहने वाला साहिल खान उर्फ गब्बर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।

पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक को चोटें आईं।

शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी साहिल खान उर्फ गब्बर (40 वर्ष), निवासी इन्द्रा नगर, सुपेला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार जब्त किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने के कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *