बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 13 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से स्क्रैप चोरी और उसके अवैध परिवहन के मामले में दुर्ग पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस बहुचर्चित मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एचआईए हथखोज भिलाई में जांच की गई थी। जांच के दौरान कई हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री लोड पाई गई।

मौके पर बड़ी मात्रा में स्क्रैप का भंडारण भी मिला। जांच में खुलासा हुआ कि फ्लू डस्ट के परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप का अवैध परिवहन और विक्रय किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 250 टन लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों और मशीनों सहित कुल करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

मामले में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने फरार आरोपी तेजराम निषाद उर्फ दद्दू (35 वर्ष), निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से औद्योगिक सामग्री और स्क्रैप के अवैध क्रय-विक्रय अथवा परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *