पिता की हत्या का खुलासा: सूचना देने वाला बेटा ही निकला हत्यारा, बोरी पुलिस ने किया गिरफ्तार


दुर्ग। जिले के बोरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस को घटना की सूचना देने वाला पुत्र ही अपने पिता का हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव निवासी नीलकमल साहू ने थाना पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए। शव का पोस्टमार्टम कराने पर रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत होना तथा हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

जांच और पूछताछ के दौरान सामने आया कि मृतक और उसके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी नीलकमल साहू (19 वर्ष), निवासी ग्राम नवागांव, थाना बोरी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस ने आम लोगों से पारिवारिक विवादों का समाधान शांतिपूर्ण एवं कानूनी तरीके से करने की अपील की है तथा किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *