
भिलाई। वैशाली नगर थाना पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गए सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 39 हजार 900 रुपये मूल्य की मशरूका जब्त की है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, केम्प-01 स्टील नगर वार्ड क्रमांक 28 निवासी बी. धनराजू (56 वर्ष) ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून की सुबह 11 बजे से 10 जून की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके सूने मकान का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 220/2026 धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही सन्नी यादव चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में इंदिरा चौक के पास घूम रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सन्नी यादव (20 वर्ष), निवासी अटल आवास, इंदिरा गांधी कॉलेज के पीछे, जवाहर नगर, थाना वैशाली नगर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, एक जोड़ी सोने का टाप्स तथा एक सोने की अंगूठी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक सूना छोड़ने की स्थिति में पड़ोसियों एवं स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी अवश्य दें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।