कैलाश नगर में सेंट्रींग प्लेट चोरी और विरोध पर मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। कैलाश नगर क्षेत्र से लोहे की सेंट्रींग प्लेट चोरी कर ले जाने और विरोध करने पर मारपीट करने वाले दो आरोपियों को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई सामग्री बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी प्रमोद तिवारी ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे उसके कैलाश नगर स्थित प्लॉट से रूपेश निषाद उर्फ रूपा और उसका साथी लोहे की सेंट्रींग प्लेट चोरी कर ले जा रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 425/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रूपेश निषाद उर्फ रूपा (22 वर्ष) और अशोक यादव (45 वर्ष), दोनों निवासी अटल आवास, जवाहर नगर, को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया लोहे का सेंट्रींग प्लेट, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है, बरामद कर जप्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अवैध लाभ कमाने की नीयत से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी, मारपीट या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 को दें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *