सोशल मीडिया पर स्टंट दिखाना पड़ा महंगा, सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वाला युवक गिरफ्तार


भिलाई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर सुपेला पुलिस ने सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 20 जून को व्हाट्सएप सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें “स्मार्ट बच्चा युवराज सोनी” नामक आईडी से एक युवक बिना नंबर की मोटर साइकल को सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार, लापरवाही और खतरनाक तरीके से चलाते हुए स्टंट करता दिखाई दे रहा था। जांच के दौरान आरोपी की पहचान युवराज सोनी (20 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, मिनीमाता चौक, भिलाई के रूप में हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सदर क्षेत्र में मोटर साइकल से स्टंट कर राहगीरों को भयभीत कर रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा समझाने पर वह विवाद और झगड़ा करने पर उतारू हो गया, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 880/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटर साइकल भी जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर प्रदर्शन करने और सार्वजनिक मार्गों पर खतरनाक स्टंट करने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जो न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *