1500 रुपये के उधार ने ली युवक की जान, 7 नाबालिगों ने रची हत्या की साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला




भिलाई। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में महज 1500 रुपये के उधार को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को शक्ति नगर स्थित आहार किसान राइस मिल के कुएं में फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सात नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार 18 जून की रात शक्ति नगर स्थित राइस मिल के कुएं में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान 26 वर्षीय यशवंत सारथी के रूप में की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक की हत्या सिर पर पत्थर से वार कर तथा शरीर पर कटर से हमला कर की गई थी। इसके बाद शव को कुएं में फेंककर आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक ने मुख्य आरोपी से 1500 रुपये उधार लिए थे। कई बार पैसे मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने से आरोपी नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
17 जून की रात मुख्य आरोपी ने यशवंत को फोन कर राइस मिल के पास बुलाया। वहां पहले से मौजूद अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर आरोपियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद पत्थर से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल किया और कटर से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए शव को पास के कुएं में फेंक दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर घटना में शामिल सभी सात अपचारी बालकों को पकड़ लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *