
दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण एक साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 की शाम करीब 5:30 बजे इंदिरा नगर हथखोज निवासी शिवदयाल कश्यप साइकिल से राजीव नगर की ओर जा रहे थे। सिसकोल कंपनी के पास टाटा एस वाहन क्रमांक CG 07 CY 5936 के चालक दीपक कुमार आनंत ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक मृतक को वाहन से कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की रिपोर्ट मृतक के पुत्र उमेश कश्यप ने थाना जामुल में दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 418/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 110 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान आरोपी चालक दीपक कुमार आनंत (34 वर्ष), निवासी कुरूद, थाना जामुल को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।