
दुर्ग। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने 38 लाख रुपये के गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी एरिया सेल्स ऑफिसर राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गोयल ट्रेडर्स में कार्यरत रहते हुए कंपनी की रकम का गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गोयल ट्रेडर्स जेवरा सिरसा में एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत राजेश जायसवाल ने वर्ष 2020 से 2022 के बीच करीब 26 माह तक कंपनी के चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर एवं अन्य पैकेजिंग सामग्री की बिक्री से प्राप्त रकम कंपनी खाते में जमा नहीं की। आरोपी व्यापारियों से वसूली गई रकम को निजी मकान निर्माण एवं अन्य निजी कार्यों में खर्च करता रहा।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें लगभग 38 लाख रुपये के गबन की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 409 और 420 भारतीय दंड संहिता के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने गबन की रकम निजी उपयोग में खर्च करना स्वीकार किया।
प्रकरण में उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे, प्रधान आरक्षक जगजीत सिंह, आरक्षक हीरालाल देशमुख एवं आरक्षक यशवंत पिस्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।