
भिलाई। बीमा पॉलिसी में ज्यादा लाभ दिलाने और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचकर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 38 लाख 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, भिलाई निवासी संतोष कुमार ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में बीमा पॉलिसी मैच्योर होने के बाद वह सिविक सेंटर स्थित बीमा कार्यालय गया था। वहां उसकी मुलाकात खुद को बीमा एजेंट बताने वाले के. देवासहायम से हुई। आरोपी ने ज्यादा रिटर्न देने वाली बीमा योजना का भरोसा दिलाकर उसे अपने झांसे में ले लिया।
आरोपियों ने प्रार्थी और उसके परिवार के सदस्यों का बीमा कराने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 31 लाख 30 हजार रुपये वसूल लिए। इसके अलावा सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदवाकर उसे अधिक कीमत में बेचने का झांसा भी दिया। इस तरह कुल 38 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।
जब प्रार्थी ने बीमा से जुड़े दस्तावेज मांगे तो आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने के. रवि कुमार (29) और के. राजेश कुमार (26) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। दोनों आरोपी सेक्टर-06 भिलाई के रहने वाले हैं और वर्तमान में सेक्टर-07 में रह रहे थे।
पुलिस ने मामले से जुड़े दस्तावेज, बैंक ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, चेक और ऑनलाइन भुगतान से संबंधित साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमा, निवेश या आर्थिक योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित संस्था और एजेंट की वैधता की पूरी जांच जरूर करें।