घरेलू विवाद बना खूनी संघर्ष: छोटे भाई ने रापा से किया हमला, बड़े भाई की मौत


दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रुआबांधा एचएससीएल कॉलोनी में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 मई को दो सगे भाइयों के बीच घर की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान आरोपी मनोज यादव ने घर में रखे रापा से अपने बड़े भाई अशोक यादव के सिर और कनपटी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल अशोक यादव को पहले जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *