तेज रफ्तार ट्रक ने मचाई तबाही: 3 गायों की मौत, 3 गंभीर घायल, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम


दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बावापारा में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे बैठी गायों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही तीन गायों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। पउवारा से उतई की ओर जा रहा टाटा 1109 ट्रक (क्रमांक CG08L2489) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठी गायों पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य गायों के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया। ट्रक में लकड़ी लोड थी, जिसे जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है।
हादसे से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
मामले में आदर्श नगर उतई निवासी कामता महिपाल (40 वर्ष) की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *