
दुर्ग । बलरामपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से तेंदुए की दो खालें बरामद की गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, वन मंत्री के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत 2 अप्रैल 2026 को वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (मध्य क्षेत्र भोपाल), राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से तेंदुए की एक खाल मिली। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक और खाल बरामद हुई।
गिरफ्तार सभी आरोपी झारखंड, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं और अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीव तस्करी में सक्रिय थे। सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल, वन विभाग इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटा हुआ है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
