
दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान एक आरोपी को 2 किलो 880 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को नयापारा चौक के पास चेकिंग के दौरान एक स्कूटी चालक संदिग्ध लगा। उसे रोककर तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विशाल साहू (62 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर बघेरा, दुर्ग बताया और गांजा बिक्री के लिए रखने की बात स्वीकार की।
मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
जप्त सामग्री:
2 किलो 880 ग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹1,44,000)
इलेक्ट्रॉनिक तराजू (कीमत लगभग ₹1,000)
स्कूटी (होंडा एक्टिवा 5G, कीमत लगभग ₹80,000)
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा था। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना पुलिस और वाहन चेकिंग टीम की अहम भूमिका रही।