भिलाई-03 में सट्टा-जुआ पर बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार, ₹2.08 लाख की जप्ती



भिलाई,
दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिलाई-03 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और सट्टा से जुड़ी सामग्री सहित कुल ₹2,08,600 की जप्ती की है।
पुलिस को 24 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नूतन चौक स्थित शिव मंदिर के पास कुछ लोग अंकों के आधार पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई और क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी और मौके पर सट्टा संचालित करते हुए पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश कुमार सचदेव (54), रवि बिसाई (39), मानसिंग यादव (45), मोहन साहू (36) और धर्मेश सोनी (39) शामिल हैं। सभी आरोपी भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1,67,600 नगद, 6 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी पर्चियां, रजिस्टर, कैलकुलेटर और अन्य सामग्री जब्त की है। कुल जब्त सामान की कीमत ₹2,08,600 आंकी गई है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 06 और 07 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
अपराध का कारण
आरोपी अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सट्टा जुआ संचालित कर रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई
थाना पुरानी भिलाई और क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में त्वरित घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। इस दौरान पुलिस टीम की सक्रियता और समन्वय अहम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *