अवैध अफीम खेती मामले से जुड़े लोगों पर कार्रवाई, समोदा में प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटाया अवैध अतिक्रमण



दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में अवैध अफीम खेती प्रकरण से जुड़े लोगों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम समोदा में राजस्व भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर हटाया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।


जानकारी के अनुसार अवैध अफीम की खेती के मामले में मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार, निवासी तेमरापारा, से जुड़े कुछ रिश्तेदारों द्वारा राजस्व भूमि पर अवैध निर्माण किए जाने की जानकारी जांच के दौरान सामने आई थी। इसके बाद राजस्व विभाग ने भूमि अभिलेखों की जांच की, जिसमें संबंधित स्थान पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई।
इसके बाद राजस्व विभाग, पुलगांव पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटाया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासन की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई।


पुलिस के मुताबिक इस प्रकरण से जुड़े लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय या निजी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें, अन्यथा नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *