नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, 12 दिन बाद पीड़िता बरामद; पंडरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई



कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कवर्धा धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पंडरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में गुमशुदा लोगों की पतासाजी और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भापुसे) ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उनके निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल (रापुसे) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल (रापुसे) के साथ ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह धनेश्री (रापुसे) द्वारा भी थाना प्रभारियों को लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना पंडरिया में एक प्रार्थी द्वारा 11 फरवरी 2026 को अपनी नाबालिग बेटी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि उनकी बेटी 10 फरवरी 2026 को घर से अचानक लापता हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज किया और नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी।
पंडरिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाबालिग की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में लगातार खोजबीन की और संभावित स्थानों पर जांच की। करीब 12 दिन की तलाश के बाद पुलिस ने 22 फरवरी 2026 को नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ की, जिसमें पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य और बयान दिए। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान विक्रम सारथी पिता दयाराम सारथी, उम्र 31 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-02 सारथी मोहल्ला पंडरिया, थाना पंडरिया जिला कबीरधाम के रूप में हुई।
आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने लगातार उसकी तलाश जारी रखी और आखिरकार 7 मार्च 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *