
दुर्ग। पुलगांव पुलिस ने सतर्क कार्रवाई करते हुए जिला बदर आरोपी को अवैध धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस को 28 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि नदी रोड स्थित पानी टंकी के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रांत उर्फ विक्की चंद्राकर (27), निवासी ग्राम कुनारी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया।
मामले में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना पुलगांव का निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ पहले से 9 मामले दर्ज हैं और उस पर जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी थी। जिला बदर अवधि के दौरान क्षेत्र में मौजूद होकर शांति भंग करने और होली के मद्देनजर संभावित अपराध की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की गई।
सराहनीय कार्य: इस कार्रवाई में थाना पुलगांव की पेट्रोलिंग टीम की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की अपील: दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार रखने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।