
दुर्ग। होली पर्व के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुपेला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में लक्ष्मी नगर क्षेत्र में तलवार लहराकर लोगों को डराने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 28 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मी नगर गली के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश चौहान उर्फ झटका (30), निवासी लक्ष्मी नगर मछली मार्केट के पीछे, भिलाई, थाना सुपेला, जिला दुर्ग बताया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार विधिवत जब्त किया गया।
मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
सतत निगरानी: होली पर्व को देखते हुए सुपेला क्षेत्र में विशेष पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सराहनीय कार्य: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव, सउनि पुरन साहू, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह और आरक्षक सुरेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।