लापरवाह ट्रक चालक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आरोपी गिरफ्तार



दुर्ग। तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण रसमड़ा चौक में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मोटरसाइकिल चालक ऐमंत साहू की मौत हो गई। पुलगांव चौकी अंजोरा पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8 बजे ऐमंत साहू अपनी मोटरसाइकिल (CG 07 ZR 3592) से मित्र जुगल किशोर के साथ ए.एस. ग्लोबल फैब्रिकेशन कंपनी रसमड़ा जा रहे थे। रायपुर स्टील प्लांट के सामने रसमड़ा चौक पर पीछे से आ रहे ट्रक (CG 07 BF 3747) के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक चालक ट्रक के नीचे फंस गया, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति छिटककर गिरने से बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा नीचे व्यक्ति फंसे होने की सूचना देने के बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब 15–20 मीटर तक घसीटता रहा, जिससे ऐमंत साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घायल को शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने धारा 106(1) और 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी दिलीप सोनी (50), निवासी लेबर कैंप जामुल, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) जब्त कर लिया है।
सराहनीय कार्य: कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजोरा उपनिरीक्षक चंद्रशेखर सोनी और उनकी टीम की त्वरित भूमिका रही।
पुलिस की अपील: दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने और विशेषकर भारी वाहन चालकों से नियंत्रित गति व सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *