होली पर अवैध शराब बिक्री पर सख्ती: सुपेला पुलिस ने दंपत्ति को रंगे हाथ दबोचा



दुर्ग। होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में सुपेला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भिलाई के कृष्णा नगर, डमरू मोहल्ला में दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेच रहे दंपत्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त इलाके में अवैध मदिरा की बिक्री हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और दीनानाथ चौहान (72) तथा मुखिया देवी (65) को शराब बेचते हुए पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 30 पौवा देशी और विदेशी शराब तथा 250 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। जप्त शराब की कीमत करीब 3,000 रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 3,250 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 328/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक नमिता टेकाम, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक सुरेन्द्र पटेल और महिला आरक्षक मधु देवी की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की अपील: दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से होली के दौरान अवैध शराब बिक्री या भंडारण की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *