बाफना टोल प्लाजा में निःशुल्क नेत्र व दंत जांच शिविर, 200 चालकों की हुई जांच


दुर्ग। राष्ट्रीय राजमार्ग–53 स्थित बाफना टोल प्लाजा में यातायात पुलिस दुर्ग और रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल के संयुक्त सहयोग से निःशुल्क नेत्र एवं दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले चालकों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा।
शिविर के दौरान कुल 200 वाहन चालकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया। जिन चालकों में दृष्टि दोष पाया गया, उन्हें आवश्यकता अनुसार मुफ्त चश्मे वितरित किए गए। साथ ही दंत परीक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि रात्रि ड्राइविंग, हाई-बीम लाइट, विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी और लगातार ड्राइविंग से आंखों पर दबाव बढ़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, पर्याप्त विश्राम और यातायात नियमों के पालन के बारे में जागरूक किया गया।
इस आयोजन के सफल संचालन में यातायात पुलिस दुर्ग की टीम और रोटरी क्लब ऑफ भिलाई पिनेकल के चिकित्सकों व सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *