

दुर्ग, होली पर्व को ध्यान में रखते हुए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर सोशल मीडिया पर अवैध धारदार हथियार प्रदर्शित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अभियान के दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हथियार मंगाने और उनके साथ फोटो पोस्ट करने वाले कुल 27 व्यक्तियों की पहचान कर वैधानिक कार्यवाही की गई।


पुलिस की तकनीकी सेल और एसीसीयू टीम ने इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग कर ऐसे खातों को चिन्हित किया, जिनमें धारदार हथियार के साथ तस्वीरें साझा की गई थीं। पुलिस के अनुसार इन पोस्टों से आम लोगों में भय का माहौल बन रहा था।


जांच के बाद थाना स्तर पर कार्रवाई करते हुए थाना छावनी में 2 आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। अन्य मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। जिन मामलों में नाबालिग शामिल पाए गए, उनके अभिभावकों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई और आपत्तिजनक पोस्ट हटवाई गई।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में आरोपियों का चिन्हांकन इस प्रकार रहा— छावनी (06), मोहन नगर (04), जामुल (03), कोतवाली दुर्ग एवं मोहन नगर (02-02), सुपेला, भिलाई नगर, नेवई, पुरानी भिलाई, उतई, नंदिनी नगर एवं धमधा (01-01)।


पुलिस ने 2 धारदार हथियार जब्त किए हैं और करीब 300 लोगों को अवैध हथियार नहीं खरीदने की समझाइश भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि जिले में अवैध धारदार हथियार रखने, ऑनलाइन मंगाने या सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें।


दुर्ग पुलिस की अपील:
आम नागरिक किसी भी प्रकार के अवैध हथियार का संग्रहण, खरीद-बिक्री या प्रदर्शन न करें। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म संचालकों से भी संदिग्ध वस्तुओं की डिलीवरी से पहले आवश्यक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है।






