
दुर्ग। थाना उतई क्षेत्र में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Meesho के माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की डिलीवरी करने के मामले में पुलिस ने कोरियर एजेंसी संचालक और डिलीवरी कर्मचारी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। यह कार्रवाई दुर्ग पुलिस के “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के अंतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को ग्राम पुरई में लावन्य उर्फ लवन यादव ने अपने साथियों के साथ तोषण यादव एवं अन्य लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर चोट पहुंचाई थी। इस संबंध में थाना उतई में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 118(1), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि हमले में प्रयुक्त प्रतिबंधित हथियार को ऑनलाइन ऑर्डर कर 3 जनवरी 2026 को उतई स्थित वाल्मो कोरियर एजेंसी के माध्यम से डिलीवर कराया गया था। कोरियर एजेंसी संचालक को पार्सल में प्रतिबंधित सामग्री होने की जानकारी होने के बावजूद डिलीवरी कर ₹245 नगद प्राप्त किए गए।
मामले में धारा 25(1)(A) एवं 25(3) आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर 16 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी
रोशन सिंह राजपूत (31 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, उतई, जिला दुर्ग
तामेश उर्फ तामेश्वर साहू (23 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, उतई, जिला दुर्ग
जप्त सामग्री
कोरियर एजेंसी संचालन से संबंधित दस्तावेज
पार्सल डिलीवरी रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख
घटना का कारण
ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की उपलब्धता के चलते आपसी विवाद में उसका उपयोग कर मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, प्रमोद सिन्हा, राजेश सिंह, ध्रुवनारायण चन्द्राकर, राजीव दुबे, महेश यादव एवं दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।