
दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र स्थित घासीदास नगर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने परीक्षा से ठीक पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर घर लौटी थी। परिजनों के मुताबिक वह अपनी परीक्षा को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थी और उसकी तैयारी भी अच्छी चल रही थी। रात करीब 12 बजे तक वह अपनी बहनों के साथ पढ़ाई करती रही।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह जब उसकी मां नींद से उठीं तो उन्होंने बेटी को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही मां चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर पिता और बहनें भी कमरे से बाहर आए। परिजनों ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी और जामुल थाना पुलिस को भी बुलाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।